Saturday, February 27, 2021

स्वयं पर करें विश्वास

आप इस बात को अच्छी तरह से जानते हैं कि आपकी सफलता दूसरों की राय पर निर्भर नहीं कर सकती है। हवा और मौसम की तरह लोगों की राय बदलती रहती है । सफल होने के लिए आपको लगातार प्रयास करते रहना चाहिए । किसी भी कीमत पर सफल होना है, ऐसी सोच विकसित करनी होगी । आप हमेशा यह मान कर चलें कि हाँ मैं कर सकता हूँ । इसके बाद आप देखेंगे कि आपकी आधी यात्रा पूरी हो चुकी है । आईये जीवन यात्रा में मददगार कुछ अचूक उपाय पर चर्चा करते हैं । 1. नकारात्मकता से बचें ---- हमारे चारों तरफ नकारात्मक लोगों की भरमार हैं। वे हमारे सगे भी हो सकते हैं या फिर कोई आपका अजीज दोस्त भी हो सकता है । ये लोग आपकी तरक्की में बाधा बन सकते हैं । इसलिए ऐसे लोगों की बातों का बिलकुल भी परवाह नहीं करें । और जो आपका मन कहता है उसी पर विश्वास करें ।
ऐसा भी नहीं कि आप दूसरों की राय की बिलकुल भी परवाह नहीं करेंगे । अपनी आलोचना को सकारात्मक रूप में स्वीकार करें । अपने बारे में सबसे ज्यादा आप खुद जानते हैं अतः आप अपनी आलोचना करने वालों की सच्चाई से वाकिफ हैं । आप खुद देखें कि आलोचना समालोचना है या आपको नाकारात्मक करने की कोई साजिश । निंदक नियरे राखिए वाली कहावत को चरितार्थ करते हुए आलोचना को सही संदर्भ में लें । तभी सभी नाकारात्मक विचारों से अपने आप को दूर रख पाएंगे । 2. आप अपने आप को अपना रोल मॉडल बनाएँ ----- नहीं, मेरा मतलब यह कदापि नहीं नहीं है कि आपको घमंड हो जाये की आपसे बेहतर कोई नहीं है , बल्कि आप खुद को प्रोत्साहित करके आपका हौसला बढ़ा सकते हैं। आप ऐसा कर सकते हैं, ये बात हमेशा सोचें फिर देखेंगे की आप अपने काम के प्रति ज्यादा गंभीर हो गए हैं । आप अन्य सफल लोगों और उद्यमियों के बारे में पढ़ें । उनकी कई सारी बातें आप से मिलती जुलती लगेगी । आप देखेंगे की अपने जीवन के शुरुआत ज्यादातर सफल लोग भी आप की तरह ही रहे हैं । तब आपको अपने आप पर और ज्यादा विश्वास हो जायेगा ।
कई ऐसे महान लोग भी मिलेंगे जो अपनी आरंभिक दिनों में कई असफलताओं का सामना किया होगा पर अंततः वो सर्वोच्च शिखर पर पहुंचे । ऐसे कई नाम हैं उदाहरण के तौर पर मैं यहाँ अब्राहमलिंकन और बिल गेट्स को रख सकता हूँ । ऐसे लोगों को पढ़ने से आपको अपने आप को अपना रोल मॉडल बनाने में कोई दिक्कत नहीं होगी । क्यूंकि ये लोग आम आदमी की तरह कई बार गिरे फिर उठकर चल दिए और अंततः मंजिल को प्राप्त करके दम लिया । 3. जीवन के स्वर्णिम मोड़ पर वापस जाएं -----आप जब कभी आगे का रास्ता अंधकारपूर्ण दिखे तब आप याद करें कि आपके जीवन में सबसे अच्छा वक्त कब रहा है । इसके बाद आप वही रास्ता अख्तियार करें जो उस समय आपने किया था ।आपको उन चीजों को याद करना चाहिए जिन्होंने आपको आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी थी । याद रखें कि सफल होने के लिए : अनुशासन, आत्मविश्वास, स्वतंत्रता, कड़ी मेहनत, त्याग अति आवश्यक तत्व हैं । इनके परिणाम हमेशा साकारात्मक ही होते हैं । इसके साथ-साथ आप उन दिनों को भी याद करें जब आपको विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ा था । इन दोनों अच्छे -बुरे दौर को याद करने के बाद आपको ये बात स्पष्ट हो जाएगी कि अमुक परिस्थितियां आपके लिए अच्छा है और अमुक बुरा । अब आपको ये करना है कि आप कोशिश करें कि वैसी परिस्थितयां दोबारा ना आए जो आपको हित में नहीं है । आप जरुर सोच रहे होंगे कि ये परिस्थितयां आप ने नहीं पैदा किया था फिर इन पर नियंत्रण कैसे संभव है । आपका सोचना सही है कि प्रकृति प्रदत्त परिस्थितियों से कैसे निपटे । आप देखेंगे कि ज्यादातर नाकारात्मक परिस्थितियां मानव निर्मित होती हैं । एकाध ही वैसी परिस्थिति होगी जिसे आप नियंत्रित नहीं कर पाएंगे । उन एकाध को ईश्वर की इच्छा की मानकर छोड़ दें । बाकी सभी को आप नियंत्रित कर सकते हैं । इतना ही आप के लिए काफी है ।जब आप ऐसा करना शुरु करेंगे तो आप देखेंगे कि आपका अपने प्रति विश्वास बढ़ता जा रहा है । और तब आपको अपनी मनचाहा परिणाम प्राप्त करने से कोई नहीं रोक सकता है । आप वो सब करें जिसे करने में आपको खुशी मिलती है । आप चाहे नौकरी करते हों या व्यापार , जीवन यात्रा में मददगार इन उपायों का अगर आपने सही तरीके से उपयोग किया तो कोई कारण नहीं है कि आप मंजिल से अछूता रह जाए ।

Wednesday, February 24, 2021

सफलता के मूल मंत्र

आज प्रत्येक व्यक्ति सफल होने के लिए ना जाने क्या-क्या जतन करता है । इसी सन्दर्भ में इस लेख के माध्यम से आपको सफलता के मूलमंत्र के बारे में बताया गया है , जिसका अनुसरण सफलता की गारंटी है । सफल होने के कई तरीके हो सकते हैं । इस लेख के माध्यम से आप जानेंगे कि सफलता के तीन मूलमंत्र हैं, जिन्हे आप अगर आत्मसात कर लें तो सफलता आपके कदम अवश्य चूमेगी । जब आप लोगों से इस बारे में पूछेंगें तो आपको सफलता के सूत्र के बारे में अलग-अलग उत्तर मिलेंगे। मगर सच्चाई यह है, सफलता अपनी पहचान खुद बनाती है और आप उस क्षेत्र में जल्दी सफलता प्राप्त कर सकते हैं जिस विषय में आप की जानकारी और तैयारी जबरदस्त हो । जानकारी प्राप्त करना और तैयारी करना सरल और सामान्य चीज है । इसके कुछ खास तौर तरीके हैं जो बेहद सरल हैं लेकिन ज्यादातर लोग बस उनका अनुसरण नहीं करते हैं। मेरा सबसे पसंदीदा उद्धरणों में से एक है कि, "सफलता का कोई रहस्य नहीं है"। यह तो बेहतर रणनीति, कठिन परिश्रम और अपनी असफलताओं से प्राप्त अनुभव का प्रतिफल है । जैसा कि इस उद्धरण में साफ कहा गया है कि आपको अपने जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए तीन प्रमुख कारकों को अपने नजर के सामने हमेशा बनाए रखना होगा ।
प्रथम -योजना अथवा तैयारी ः आपको हर चीज़ के सही होने का इंतज़ार नहीं करना है । आप ऐसा नहीं सोंचे कि परिस्थितियां जब बेहतर होगी तब सफलता अपने आप मिल जाएगी। ऐसा सोच कर आप अपना समय बर्बाद बिलकुल नहीं करें । याद रखें कि सफलता रातो रात कभी नहीं मिलती है । इसके लिए आपको अपने आप को तैयार करना होता है । सफलता प्राप्त करने के लिए सबसे पहला मूल मंत्र है तैयारी , तैयारी और बेहतर तैयारी । किसी काम में आपकी सफलता सबसे अधिक इस बात पर निर्भर करता है कि काम करने के लिए आपकी तैयारी कैसी है । बेहतर तैयारी आपकी सफलता की गारंटी है । अपनी दृष्टि को अर्जुन की भांति अपने लक्ष्य पर टिकाये रखें । आप जिसे प्राप्त करना चाहते हैं, उसे अपनी नजर से कभी ओझल होने नहीं दें । सोते जागते केवल अपने लक्ष्य के बारे में ही सोचें । और इसे प्राप्त करने के बेहतर तरीकेों पर निगाह जमाए रखें , फिर आप देखेंगे कि सफलता आपके दरवाजे पर दस्तक दे रहा होगा l
द्वितीय- कड़ी मेहनत ः काम कि तैयारी अथवा एक बेहतर रणनीति बना लेने के बाद आपको उसे पूरा करने के लिए तन-मन-धन से कड़ी मेहनत करने की जरूरत है। फिर कोई कारण नहीं है कि सफलता आपके कदम ना चूमे । यकीन मानिए कड़ी मेहनत आपको कभी निराश नहीं करेंगी । अंग्रेजी में एक कहावत है -There is no shortcut to success. अर्थात सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है । ये बात बिलकुल सही है । इतिहास में आज तक जितने भी महान इंसान हुए उनकी सफलता का मंत्र उनका लगन और कठिन परिश्रम ही रहा । अतएव एक बार योजना बना लेने के बाद उसे प्राप्त करने के लिए ऐड़ी चोटी एक कर दें । फिर आप देखेंगे कि धीरे-धीरे आपका काम बनता नजर आएगा और अंततः आप सफल होंगे ।
तीसरा -अपनी विफलता से सीख ः सफल लोग अपनी असफलताओं को असफलता के रूप में नहीं देखते हैं। वे उन्हें सीखने के एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में देखते हैं। एक ऐसे सबक के रूप में देखते हैं जो उन्हें ऐसी गलतियों को दोबारा होने से रोकने के लिए एक अंतर्दृष्टि प्रदान करता है । प्रत्येक विफलता को सीखने के एक सबक या अवसर में बदलने की इस मानसिकता को अपनाने से, आप कभी भी असफल नहीं हो सकते । जरुरत है आप अपनी पिछली असलताओं के कारण को ढ़ूढ़े और कोशिश करें की वो गलती दोबारा नहीं हो । इसका मतलब साफ है कि अब आपकी गलतियां कम होंगी और सफलका की संभावना बढ़ती जाएगी । निष्कर्ष के तौर पर मैं यही कह सकता हूँ कि आपकी बेहतर रणनीति, कड़ी मेहनत और अपनी असफलताओं से मिली सीख आपके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का मूलमंत्र है।