Wednesday, February 24, 2021
सफलता के मूल मंत्र
आज प्रत्येक व्यक्ति सफल होने के लिए ना जाने क्या-क्या जतन करता है । इसी सन्दर्भ में इस लेख के माध्यम से आपको सफलता के मूलमंत्र के बारे में बताया गया है , जिसका अनुसरण सफलता की गारंटी है ।
सफल होने के कई तरीके हो सकते हैं । इस लेख के माध्यम से आप जानेंगे कि सफलता के तीन मूलमंत्र हैं, जिन्हे आप अगर आत्मसात कर लें तो सफलता आपके कदम अवश्य चूमेगी ।
जब आप लोगों से इस बारे में पूछेंगें तो आपको सफलता के सूत्र के बारे में अलग-अलग उत्तर मिलेंगे। मगर सच्चाई यह है, सफलता अपनी पहचान खुद बनाती है और आप उस क्षेत्र में जल्दी सफलता प्राप्त कर सकते हैं जिस विषय में आप की जानकारी और तैयारी जबरदस्त हो । जानकारी प्राप्त करना और तैयारी करना सरल और सामान्य चीज है । इसके कुछ खास तौर तरीके हैं जो बेहद सरल हैं लेकिन ज्यादातर लोग बस उनका अनुसरण नहीं करते हैं।
मेरा सबसे पसंदीदा उद्धरणों में से एक है कि, "सफलता का कोई रहस्य नहीं है"। यह तो बेहतर रणनीति, कठिन परिश्रम और अपनी असफलताओं से प्राप्त अनुभव का प्रतिफल है ।
जैसा कि इस उद्धरण में साफ कहा गया है कि आपको अपने जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए तीन प्रमुख कारकों को अपने नजर के सामने हमेशा बनाए रखना होगा ।
प्रथम -योजना अथवा तैयारी ः
आपको हर चीज़ के सही होने का इंतज़ार नहीं करना है । आप ऐसा नहीं सोंचे कि परिस्थितियां जब बेहतर होगी तब सफलता अपने आप मिल जाएगी। ऐसा सोच कर आप अपना समय बर्बाद बिलकुल नहीं करें । याद रखें कि सफलता रातो रात कभी नहीं मिलती है । इसके लिए आपको अपने आप को तैयार करना होता है ।
सफलता प्राप्त करने के लिए सबसे पहला मूल मंत्र है तैयारी , तैयारी और बेहतर तैयारी । किसी काम में आपकी सफलता सबसे अधिक इस बात पर निर्भर करता है कि काम करने के लिए आपकी तैयारी कैसी है । बेहतर तैयारी आपकी सफलता की गारंटी है । अपनी दृष्टि को अर्जुन की भांति अपने लक्ष्य पर टिकाये रखें । आप जिसे प्राप्त करना चाहते हैं, उसे अपनी नजर से कभी ओझल होने नहीं दें । सोते जागते केवल अपने लक्ष्य के बारे में ही सोचें । और इसे प्राप्त करने के बेहतर तरीकेों पर निगाह जमाए रखें , फिर आप देखेंगे कि सफलता आपके दरवाजे पर दस्तक दे रहा होगा l
द्वितीय- कड़ी मेहनत ः
काम कि तैयारी अथवा एक बेहतर रणनीति बना लेने के बाद आपको उसे पूरा करने के लिए तन-मन-धन से कड़ी मेहनत करने की जरूरत है। फिर कोई कारण नहीं है कि सफलता आपके कदम ना चूमे । यकीन मानिए कड़ी मेहनत आपको कभी निराश नहीं करेंगी । अंग्रेजी में एक कहावत है -There is no shortcut to success. अर्थात सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है । ये बात बिलकुल सही है । इतिहास में आज तक जितने भी महान इंसान हुए उनकी सफलता का मंत्र उनका लगन और कठिन परिश्रम ही रहा । अतएव एक बार योजना बना लेने के बाद उसे प्राप्त करने के लिए ऐड़ी चोटी एक कर दें । फिर आप देखेंगे कि धीरे-धीरे आपका काम बनता नजर आएगा और अंततः आप सफल होंगे ।
तीसरा -अपनी विफलता से सीख ः
सफल लोग अपनी असफलताओं को असफलता के रूप में नहीं देखते हैं। वे उन्हें सीखने के एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में देखते हैं। एक ऐसे सबक के रूप में देखते हैं जो उन्हें ऐसी गलतियों को दोबारा होने से रोकने के लिए एक अंतर्दृष्टि प्रदान करता है । प्रत्येक विफलता को सीखने के एक सबक या अवसर में बदलने की इस मानसिकता को अपनाने से, आप कभी भी असफल नहीं हो सकते । जरुरत है आप अपनी पिछली असलताओं के कारण को ढ़ूढ़े और कोशिश करें की वो गलती दोबारा नहीं हो । इसका मतलब साफ है कि अब आपकी गलतियां कम होंगी और सफलका की संभावना बढ़ती जाएगी ।
निष्कर्ष के तौर पर मैं यही कह सकता हूँ कि आपकी बेहतर रणनीति, कड़ी मेहनत और अपनी असफलताओं से मिली सीख आपके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का मूलमंत्र है।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)



No comments:
Post a Comment